मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है, जो समाज में ही रहता आया है और विकसित हुआ है। सामाजिक संबंध आपसी विकास और संतोष का आधार बनते हैं। हालाँकि, ऐसे बहुत से लोग हैं जो अकेले रहते हुए भी खुश हैं। उन्हें देखकर हमारे मन में एक सवाल उठता है, “क्या उन्हें अकेलापन नहीं लगता?”
अकेलापन सिर्फ अकेला होना या एकांत नहीं है; इसका मतलब है कि हम अकेले महसूस कर रहे हैं। भीड़ के बीच भी हमें यह महसूस हो सकता है। अकेलेपन का अर्थ है कि हम खुद से, दूसरों से और समाज से अलग हो गए हों ऐसा महसूस करना।
“मैं अकेला हूँ” की अनुभूति एक ऑक्टोपस की तरह है, जो व्यक्ति को ऐसे मज़बूती से पकड़ लेता है कि उसे डिप्रेस बनाकर नेगेटिविटी के अंधेरे में जकड़ कर रखता है। यह कड़वी अनुभूति आमतौर पर कठिन समय में अधिक अनुभव की जाती है, जैसे कि कोविड-19 महामारी और युद्ध के दौरान! जिस क्षण हमें अकेलापन अनुभव होने लगता है, हमारा पूरा ध्यान उसी पर केंद्रित हो जाता है और फिर हम उसके वश में होकर दुःख भुगतने लगते हैं।
अकेलापन क्यों लगता है?
पारिवारिक समस्याओं या व्यक्तिगत असंतोष के कारण भी कोई अकेलापन महसूस कर सकता है। कई बार, इसका कोई ठोस कारण नहीं होता है। हालाँकि, यह समझना ज़रूरी है कि अकेलापन और निराशा का कारण बाहरी परिस्थितियाँ नहीं बल्कि हमारा दृष्टिकोण है।
ऐसा ज़्यादातर इसलिए होता है क्योंकि व्यक्ति यह मान लेता है कि समाज उसे स्वीकार नहीं करेगा। हालाँकि, हकीकत में व्यक्ति खुद को जैसा है वैसा स्वीकार नहीं करता, जिससे उसे सेल्फ-नेगेटिविटी और ज़बरदस्त दुःख होता है।
खुद का अनादर करने से और दूसरों की अपेक्षाएँ पूरी करने के लिए खुद पर दबाव डालने से ऐसा परिणाम मिलता है। जब हम दूसरों की विचारधारा के साथ एडजस्ट नहीं हो पाते, तो हम भीतर से निराशा का अनुभव करते हैं। चाहते हुए भी हम आस-पास के लोगों के साथ घुल-मिल नहीं पाते। ऐसी आंतरिक कमज़ोरियाँ सेल्फ-नेगेटिविटी के विचारों को बढ़ावा देती हैं।
अक्रम विज्ञान जैसे क्रांतिकारी आध्यात्मिक विज्ञान के अनुसार, अकेलापन अनुभव करने का मूल कारण खुद के स्वरूप (आत्मा) की अज्ञानता है।
अकेलेपन का सामना करें
अकेला लगे तब क्या करें? अकेलेपन से कैसे बाहर निकलें? यहाँ अच्छी बात यह है कि अकेलेपन से बाहर आने के लिए कुछ सरल और प्रैक्टिकल उपाय हैं।
१) स्वीकार करें और हल निकालें:
- स्वीकार करें: ऐसे कई लोग होते हैं जो फिल्में देखकर, खाना खाकर और अन्य प्रवृत्तियों में डूबे रहकर अपने दुःख को अनदेखा करते हैं। हालाँकि, ये सिर्फ क्षणिक उपाय हैं, जो हमें व्यस्त रखते हैं और थोड़ी देर के लिए राहत देते हैं। लेकिन, फिल्म देखना या खाना बंद होने पर अकेलापन हमें फिर से घेर लेता है। इसका अर्थ यह हुआ कि हम अकेलेपन का स्वीकार करने के बजाय उससे दूर भाग रहे हैं। इस प्रकार, "मुझे अकेला लगता है" ऐसा स्वीकार करना ही अकेलापन दूर करने का पहला कदम है। तभी जाकर अकेलेपन से बाहर निकलने के उपाय मिल सकेंगे।
- नेगेटिव विचारों का सामना करें: नेगेटिव विचार हम पर तभी हावी हो सकते हैं, जब हम उन्हें अपने अंदर रहने देते हैं! नेगेटिव विचारों को नज़रअंदाज़ करके और तुरंत उनके सामने पोज़िटिव विचार लाने से हमारा मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ते हैं। ऐसी परिस्थिति में, सही समझ और पॉज़िटिविटी ही एकमात्र उपाय है। इसके बिना, हम कभी भी नेगेटिविटी से बाहर नहीं निकल पाएँगे। जीवन की ऐसी ही चुनौतियों का सामना करने वाले महान व्यक्तियों की आत्मकथाएँ और जीवनचरित्र पढ़ने से हमें सही समझ और पॉज़िटिविटी मिलती है। इसलिए, अब जब भी हमें अकेला महसूस हो, तो इन स्रोतों से प्रेरणा लें और साथ-साथ अकेलेपन का सामना भी करें।
२) आत्म-साक्षात्कार
अपने वास्तविक स्वरूप की अज्ञानता और खुद के बारे में बनी गलत मान्यताओं से बाहर निकलने की यह मुख्य चाबी है। जब हम ज्ञानी पुरुष से अपने वास्तविक स्वरूप को जान लेते हैं, तब अकेलेपन के घोर अंधकार का स्थान आंतरिक शांति ले लेती है। इसलिए, आत्म-साक्षात्कार अकेलेपन से मुक्ति पाने का सबसे असरकारक उपाय है।
ज्ञानविधि के बाद, अंदर से आनंद उमड़ने लगता है और गलत तथा नेगेटिव भावनाओं का सामना करने की शक्ति दोगुनी हो जाती है। यह प्रत्यक्ष ज्ञानी पुरुष की कृपा से ही हो सकता है। हज़ारों लोगों ने आत्मज्ञान से इस सनातन सुख का अनुभव किया है। आप भी जितनी जल्दी हो सके, इस अनुभव का लाभ उठा सकते हैं!
